
डबरा में भीषण अग्निकांड, एसी सर्विस सेंटर में लगी आग, धमाकों से दहला इलाका, लाखों का नुकसान। / संवाददाता / डबरा // दिनांक, 17.05.2026 डबरा के जंगीपुरा मदरसा रोड पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्थित जानकी एसी सर्विस सेंटर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखे कई गैस सिलेंडर एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फट गए। एक सिलेंडर तो हवा में उछलकर सीधे पास के रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। घटना के वक्त दुकान के ऊपर बने मकान में पीड़ित परिवार सो रहा था। आग की लपटें देख सभी परिजनों ने सूझबूझ दिखाई और छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आस-पास के घरों को तुरंत खाली कराया ताकि कोई अन्य बड़ी दुर्घटना न हो। दमकलकर्मियों ने रात से लेकर सुबह तक कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
