जीवनशैली में खान-पान, दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी- कलेक्टर श्रीमती सिंह
कलेक्टर ने प्राचीन परंपरा और स्वस्थ जीवनशैली में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला
नरसिंहपुर में मनाया गया 11 वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा परंपरा है, जो केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और निरोगी रहने की दिशा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली में खान-पान, दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। आयुर्वेद में बताए गए प्राकृतिक उपायों और संतुलित जीवनशैली को अपनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकता है।
उक्ताशय के विचार कलेक्टर श्रीमती सिंह ने 11 वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला चिकित्सा परिसर नरसिंहपुर में स्थित आयुष विंग में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम में औषधिय दवाईयों के स्टॉल लगाए गए थे, जिसका कलेक्टर ने अवलोकन किया। यहाँ आमजन को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न आयुर्वेदिक औषधियों की उपलब्धता, उनके वितरण तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध हों और आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, इसके महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली में आयुर्वेद की भूमिका को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि आयुर्वेद की उपयोगिता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ योग, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने आयुर्वेद दिवस के उद्देश्य, आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की विशेषताओं तथा आमजन के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। उपस्थित नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद को दैनिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अनंत दुबे, श्री एसके चतुर्वेदी, आयुष अधिकारी डॉ. सूर्यप्रकाश जोशी, आयुष विभाग के अधिकारी, चिकित्सक सहित नागरिक मौजूद थे।



