“आगजनी पर प्रशासन का त्वरित एक्शन: 12 घंटे में FIR, 6 परिवारों को ₹3.51 लाख की राहत”
सह संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303
शिवपुरी, 23 अप्रैल 2026। करैरा तहसील के दिनारा क्षेत्र में हुई आगजनी की घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज कर पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की सतत मॉनिटरिंग में राहत एवं पुनर्वास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करैरा अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। वहीं तहसीलदार ललित शर्मा ने प्रभावित परिवारों से मिलकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर तत्काल राहत राशि स्वीकृत कराई।
इस आगजनी में कुल 6 परिवार प्रभावित हुए, जिन्हें कुल 3 लाख 51 हजार 500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसमें अमर सिंह को 1,20,000 रुपए, सुमित्रा जाटव को 80,000 रुपए, बबीता जाटव को 60,000 रुपए, इंदिरा जाटव को 80,000 रुपए, अरुण शर्मा को 6,500 रुपए तथा मनीराम शर्मा को 5,000 रुपए की सहायता राशि दी गई।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि आपदा की हर स्थिति में प्रभावित नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को आपदा प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

