करैरा/शिवपुरी। सायबर अपराधों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ के अंतर्गत बड़ी सफलता हासिल की है। शिवपुरी पुलिस द्वारा अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग कर डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 07 लाख रुपये मूल्य का मशरूका भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं एडीजी सायबर ए साई मनोहर के निर्देशन में तथा पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना एवं उप महानिरीक्षक अमित सांघी के मार्गदर्शन में की गई। जिले में सायबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैटिंग करते थे और उसकी रिकॉर्डिंग कर लेते थे। बाद में स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार, चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी देते और “केस सेटलमेंट” के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। गिरोह द्वारा HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY, COMET जैसी एप्लीकेशन्स का उपयोग किया जा रहा था।
चार एफआईआर, 32 आरोपी, 20 गिरफ्तार
गत एक सप्ताह में अलग-अलग थानों में चार प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें कुल 32 आरोपियों को नामजद किया गया। इनमें से 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जब्त किया गया सामान
07 चार पहिया वाहन
01 टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल
29 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन
01 मकान की रजिस्ट्री
₹1,20,000 नगद
16 एटीएम कार्ड
07 बैंक पासबुक
कुल जब्त मशरूका लगभग ₹1 करोड़ 07 लाख आंका गया है।
संगठित पुलिस टीम की सक्रियता
एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ (IPS) एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में 9 विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद सिंह छावई सहित विभिन्न थानों के प्रभारी एवं पुलिस बल की सतत निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और त्वरित दबिश के कारण यह बड़ी सफलता संभव हो सकी।
आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या संदिग्ध लिंक से सावधान रहें। यदि कोई स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर ऑनलाइन धमकी देता है या धन की मांग करता है, तो तुरंत निकटतम थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
सायबर अपराधों के विरुद्ध शिवपुरी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करती है।
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303


