*ग्वालियर/डबरा: नवग्रह शक्ति पीठ प्राण प्रतिष्ठा आयोजन महोत्सव की तैयारियों का पुलिस-प्रशासन ने किया गहन निरीक्षण*डबरा ग्वालियर जोन के आईजी पुलिस, श्री अरविंद कुमार सक्सेना, IPS तथा ग्वालियर कमिश्नर श्री मनोज खत्री ने आज आगामी नवग्रह शक्ति पीठ प्राण प्रतिष्ठा आयोजन महोत्सव की सम्पूर्ण तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस महाआयोजन को लेकर अब केवल कुछ ही समय शेष है, इसलिए दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य स्थल विप हेलिपैड, पांडाल व्यवस्था, कथा प्रांगण, आवागमन व्यवस्थाएँ, तथा मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सतर्कता बढ़ा दी।निरीक्षण के दौरान देहात क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, डबरा सर्कल के एसडीएम रूपेश रतन सिंघाई, तथा डबरा देहात और डबरा सिटी थानों के प्रभारी अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी जिम्मेदार अधिकारियों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना न हो।निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, सड़क मार्गों की सुगमता, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित तथा शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान किया जाए, तथा सभी सुरक्षा योजनाएँ अपेक्षित मानकों के अनुरूप हों।

