करैरा में गूंजेगी रामभक्ति की मधुर स्वर लहरियां बगीचा सरकार धाम में 21 से 27 फरवरी तक संगीतमयी श्रीराम कथा का भव्य आयोजन
20 फरवरी को निकलेगी ऐतिहासिक कलश यात्रा, कथा व्यास श्री बाल बिहारी जी महाराज सुनाएंगे प्रभु श्रीराम के दिव्य चरित्र
करैरा ।धर्मनगरी करैरा एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होने जा रही है। नगर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र बगीचा सरकार हनुमान मंदिर प्रांगण में 21 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक संगीतमयी श्रीराम कथा का भव्य और दिव्य आयोजन किया जाएगा। इस पावन आयोजन में वृंदावन धाम के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय कथा व्यास श्री बाल बिहारी जी महाराज अपने मधुर और ओजस्वी वचनों से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति के मार्ग का अमृतपान कराएंगे।
कथा व्यास श्री बाल बिहारी जी महाराज ने शिवपुरी प्रवास के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन बगीचा सरकार की असीम कृपा से संभव हो रहा है उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवन की सच्ची दिशा को समझने का माध्यम है। कथा का विधिवत शुभारंभ 21 फरवरी 2026, शनिवार से होगा, जो 27 फरवरी 2026, शुक्रवार तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी। कथा के समापन अवसर पर 28 फरवरी को विधिवत हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस भव्य आयोजन की शुरुआत 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को एक ऐतिहासिक और आकर्षक कलश यात्रा के साथ होगी। यह कलश यात्रा नगर के प्राचीन काली माता मंदिर से प्रारंभ होकर गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बगीचा सरकार हनुमान मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। इस दौरान श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल होंगे, जिससे पूरा नगर राममय और भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा।
आयोजन समिति और शिष्य मंडल द्वारा इस धार्मिक अनुष्ठान की भव्य तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मंदिर प्रांगण को आकर्षक फूलों, विद्युत सज्जा और धार्मिक प्रतीकों से सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्यता और आध्यात्मिक शांति का अनुभव हो सके। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
श्री बाल बिहारी जी महाराज ने समस्त नगरवासियों, ग्रामीण श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से सपरिवार इस पावन श्रीराम कथा में शामिल होकर प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी प्रेम और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। सभी श्रद्धालु इस दिव्य श्रीराम कथा के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान और पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए उत्सुक हैं। यह आयोजन निश्चित रूप से करैरा नगर के धार्मिक इतिहास में एक अविस्मरणीय अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।
उप संपादक राजेन्द्रपसाद गुप्ता मोनं 8435495303


