करेरा में रेत माफियाओं पर प्रशासन का प्रहार सिंध नदी में बड़ी कार्रवाई,पनडुब्बी मशीन जलाकर नष्ट
एलएनटी मशीन व दो डंपर जब्त, माफियाओं में हड़कंप
करेरा (शिवपुरी)।
सिंध नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ करेरा प्रशासन ने अब तक की सबसे सख्त और बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं की कमर तोड़ दी है। ग्राम चितारी, थाना सीहोर क्षेत्र में एसडीएम करेरा अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान नदी के भीतर अवैध रूप से रेत उत्खनन करती एक पनडुब्बी मशीन को मौके पर ही पकड़ा गया, जिसे नियमों के तहत आग लगाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही अवैध खनन में प्रयुक्त एक एलएनटी मशीन एवं दो डंपरों को जब्त कर थाना सीहोर के सुपुर्द किया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन को लंबे समय से सिंध नदी क्षेत्र में रेत माफियाओं की सक्रियता की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर एसडीएम निंगवाल ने राजस्व अमला, खनिज विभाग और पुलिस बल के साथ योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। टीम को देखकर रेत माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई और कई आरोपी मौके से फरार हो गए।
मौके के निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के नदी से बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही थी और शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। नियमों के अनुसार अवैध पनडुब्बी मशीन को नष्ट कर दिया गया तथा अन्य वाहनों को जब्त किया गया।
एसडीएम अनुराग निंगवाल ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि अवैध रेत उत्खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता एवं खनिज अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के रेत माफियाओं में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना करते हुए कहा कि इससे सिंध नदी, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं8435495303


