करैरा में संत आढ़ाराम बाबा की 37वीं पुण्यतिथि 14 जनवरी को
नगर के सुप्रसिद्ध ब्रह्मलीन संत कौशलकिशोर आढ़ाराम बाबा जी की 37वीं पुण्यतिथि बुधवार, 14 जनवरी को परंपरागत श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई जाएगी। यह आयोजन किला रोड स्थित कायस्थ समाज के प्राचीन गंगादास जी मंदिर परिसर में बाबा की समाधि स्थल पर होगा।
तीन दिवसीय इस वार्षिक कार्यक्रम में अनेक साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 12 जनवरी की रात्रि महिला मंडल द्वारा भक्ति संगीत से होगी। 13 जनवरी को हनुमत रामायण मंडल द्वारा अखंड रामचरितमानस पाठ किया जाएगा। वहीं 14 जनवरी को हवन-शांति, साधु-संत एवं कन्या भोज तथा प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। इसी रात्रि आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।
संत आढ़ाराम बाबा करैरा नगर में अपनी सादगी और परोपकार भावना के लिए प्रसिद्ध थे। वे नगर में फेरी लगाकर प्राप्त धनराशि बच्चों में बांट देते थे। उनके भक्तों में सभी जाति व धर्म के लोग शामिल रहे हैं। बाबा के चमत्कारों से जुड़ी अनेक कथाएं आज भी नगरवासियों द्वारा श्रद्धा के साथ सुनाई जाती हैं।
विशेष बात यह है कि बाबा द्वारा बिना सीमेंट के केवल राख से निर्मित मंदिर आज भी सुरक्षित अवस्था में विद्यमान हैं। श्रद्धालु भक्त समाधि स्थल पर श्रद्धा अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं।
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं8435495303

