ईमानदारी की मिसाल बना करैरा का सब्जी विक्रेता, 50 हजार रुपये से भरा पर्स लौटाया करैरा :. आज जब समाज में स्वार्थ और लालच बढ़ता जा रहा है, ऐसे समय में करैरा नगर के एक साधारण फल-सब्जी विक्रेता ने ईमानदारी और इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की है, जो पूरे समाज को प्रेरणा देती है। रेस्ट हाउस के सामने ठेला लगाने वाले लतीफ खान ने एक ग्राहक का 50 हजार रुपये नगद व जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स पूरी ईमानदारी से उसके मालिक तक पहुंचाकर यह साबित कर दिया कि आज भी सच्चाई और नेकनीयती जिंदा है।शनिवार रात लगभग 8:20 बजे मनपुरा गांव के मजरा नवलपुरा निवासी जीतेंद्र लोधी पुत्र राम सिंह लोधी सब्जी खरीदने के बाद जल्दबाजी में अपना पर्स ठेले पर ही छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद जब लतीफ खान ने ठेले पर रखा पर्स देखा तो उन्होंने उसे तुरंत सुरक्षित कर लिया और उसके मालिक को ढूंढने की कोशिश शुरू कर दी।लतीफ खान ने इस संबंध में नगर के वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार प्रमोद जैन को सूचना दी। प्रमोद जैन ने पर्स में रखे आधार कार्ड के आधार पर पहचान की प्रक्रिया शुरू की और अपने पत्रकार साथी दुर्ग सिंह लोधी को जानकारी दी। इसके बाद मनपुरा व नवलपुरा गांव में संपर्क किया गया, जहां से पर्स के मालिक की पुष्टि हुई। जीतेंद्र लोधी के पिता से संपर्क कर सूचना दी गई, जिसके बाद स्वयं जीतेंद्र लोधी का फोन आया।सभी विवरणों की पुष्टि के बाद लतीफ खान ने पर्स को पूरी तरह सुरक्षित, यथावत हालत में उसके मालिक को सौंप दिया। पर्स पाकर जीतेंद्र लोधी भावुक हो गए और उन्होंने लतीफ खान की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर मौजूद लोगों ने कहा कि लतीफ खान ने समाज में ईमानदारी, विश्वास और मानवता की जो मिसाल कायम की है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। आज जरूरत इस बात की है कि ऐसे लोगों को सम्मानित कर समाज के सामने आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया जाए।
संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं8435495303

