
दिल्ली में पहली बार लगेगा भव्य स्वदेशी मेला — डबरा के गहोई समाज के विकास गुप्ता को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
दिल्ली में अगले वर्ष ट्रेड फेयर की तर्ज पर पहली बार भव्य “स्वदेशी मेला” आयोजित किया जाएगा। 1 से 5 मई 2026 तक भारत मंडपम में होने वाला यह आयोजन पूरी तरह भारतीय उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को समर्पित होगा। इस मेले में देशभर के कारीगर, स्टार्टअप, महिला उद्यमी, एमएसएमई, स्वयं सहायता समूह और व्यापारिक संगठन एक मंच पर अपने उत्पाद और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। स्वदेशी मेले का विचार केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा कैट की राष्ट्रीय बैठक में सुझाया गया था, जिसके बाद स्वदेशी मेला आयोजन बोर्ड का गठन किया गया। इस आयोजन में थीम आधारित सजावट, लाइव डेमो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, फूड कोर्ट और इंटरैक्टिव उपभोक्ता जोन इसकी खास पहचान होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा उद्घाटन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में स्वदेशी मेला आयोजन बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि यह मेला 1 से 5 मई 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होगा। बोर्ड के चेयरमैन डॉ. रामगोपाल गोयल ने बताया कि यह आयोजन भारतीय स्वदेशी उत्पादों के लिए देश का सबसे बड़ा वैश्विक मंच बनेगा। इसमें पूरे भारत से प्रदर्शक शामिल होंगे। इसी महत्वपूर्ण बैठक में मध्यप्रदेश के डबरा के युवा व्यवसायी विकास गुप्ता भी उपस्थित रहे, जिन्हें कैट के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
कौन हैं विकास गुप्ता?
विकास गुप्ता शहर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नाथूराम गुप्ता के सुपौत्र हैं और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता (भंपोली) के सुपुत्र हैं। राजनीति और समाजसेवा उनके व्यक्तित्व में बचपन से ही रची-बसी है। अपने कर्म, व्यवहार और सम्मिलित नेतृत्व क्षमता के कारण वे निरंतर शहर और प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेंद्र जैन की मार्गदर्शन में उन्हें स्वदेशी मेला आयोजन बोर्ड में प्रमुख समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। सभी राज्यों और प्रतिभागियों के साथ वे समूचे भारत स्तर पर कोऑर्डिनेशन का दायित्व संभालेंगे।
डबरा के लिए यह सम्मान का विषय है कि शहर का युवा अब राष्ट्रीय स्तर के इतने बड़े मंच पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
