


वसीम खान जिला ब्यूरो चीफ हरदा ।
मो. 6263008696
राष्ट्रीय खेल दिवस पर थाना प्रभारी ने बच्चों के साथ लगाई 100 मीटर दौड़, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।
खेल मैदान में गूंजा जोश और उत्साह, नियमित खेल एवं व्यायाम का दिया संदेश ।
हरदा । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग हरदा के तत्वावधान में जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। 28 से 30 अगस्त तक हरदा, टिमरनी एवं खिरकिया में आयोजित खेल आयोजनों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक व्यायाम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इसी क्रम में राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम ‘एक घंटा रोज खेल के मैदान पर’ के तहत 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान अजाक थाना हरदा के थाना प्रभारी सुरेश कालबोर ने हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की स्मृति में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद थाना प्रभारी ने स्वयं बच्चों के साथ 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। थाना प्रभारी को बच्चों के साथ दौड़ लगाते देख मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और अन्य लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर थाना प्रभारी सुरेश कालबोर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल और व्यायाम के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन अपने लिए समय निकालना चाहिए। नियमित शारीरिक व्यायाम और खेल गतिविधियों में भाग लेने से शरीर स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी व्यक्ति मजबूत बनता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें नियमित खेल और व्यायाम के लिए प्रेरित करना है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को थाना प्रभारी सुरेश कालबोर, ब्लॉक समन्वयक सलमा खान, एथलेटिक्स कोच राजेश जाट एवं व्यायाम शिक्षक राहुल कुशवाहा ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
100 मीटर दौड़ में इन खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान ।
बालिका वर्ग में दिर्शाना खोरे ने प्रथम, सावली पेथवार ने द्वितीय तथा माही दुगाया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में अमन खान ने प्रथम, प्रिंस कुमार ने द्वितीय तथा अर्थव निषाद ने तृतीय स्थान हासिल किया।राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। आयोजन में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और खेल मैदान पर नियमित समय देने का संकल्प लिया।
