
तेंदूखेड़ा में स्मैक तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
लोकेशन नरसिंहपुर से
संवाददाता कार्तिक चौधरी
मो.9098939770
नरसिंहपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत तेंदूखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.90 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए, बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को तेंदूखेड़ा पुलिस टीम भ्रमण के दौरान सहजपुर रोड स्थित गोलू ढाबा के सामने पहुंची। यहां मोटरसाइकिल पर बैठे दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में नजर आए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, जिसमें स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केदार पिता सुखराम धानक (35), निवासी वरियाघाट, थाना करेली तथा अजय पिता सुंदरलाल लोधी (42), निवासी खैरूआ, थाना करेली के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ धारा 8/21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में की गई। इसमें एएसपी संदीप भूरिया, एसडीओपी अभिनव मिश्रा सहित तेंदूखेड़ा पुलिस और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
