
खेत से 13 एल्युमीनियम पाइप चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार
लोकेशन नरसिंहपुर से
संवाददाता कार्तिक चौधरी
मो.9098939770
नरसिंहपुर। सुआतला थाना पुलिस ने खेतों से सिंचाई सामग्री चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम कुम्हरोड़ा निवासी किसान जीवनलाल लोधी के खेत से चोरी हुए 13 एल्युमीनियम पाइप पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि लोलरी तिगड्डा के पास एक युवक चोरी के पाइप बेचने की फिराक में है। पुलिस ने दबिश देकर शैलेन्द्र राजपूत (28), निवासी रीछई गुडवारा, हाल रामवार्ड करेली को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाए गए 13 पाइप और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
