भारत विकास परिषद् शाखा डबरा ने तहसील मंदिर में महिलाओं को वितरित किए 150 तुलसी के गमले
डबरा। भारत विकास परिषद्, मध्य भारत उत्तर प्रांत की शाखा डबरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के संवर्धन के उद्देश्य से तहसील मंदिर, डबरा में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंदिर के महंत राहुल महाराज के करकमलों से 150 तुलसी के गमलों का महिलाओं को वितरण किया गया।
इस अवसर पर महंत राहुल महाराज ने कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति में आस्था, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। प्रत्येक परिवार को अपने घर में तुलसी का पौधा लगाकर उसकी नियमित सेवा एवं संरक्षण करना चाहिए।
शाखा अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि भारत विकास परिषद् समाज में सेवा, संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सचिव संदीप सैनिक ने सभी महिलाओं से तुलसी के पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राहुल राजपूत, कार्यक्रम संयोजक बसंत पटसारिया, पंकज जैन, राजीव शिवहरे, सुषमा गुप्ता एवं सविता शिवहरे सहित परिषद् के सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर में तुलसी रोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।


