
15 दिवसीय बाल संस्कार शिविर का भव्य समापन, बच्चों ने योग, कला और संस्कारों की दी प्रस्तुति
दिनांक: 26 जून 2026
हर माता-पिता की इच्छा होती है कि उनके बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कारों से भी परिपूर्ण हों। लेकिन बदलते समय में बच्चों को नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर भारत विकास परिषद, शाखा डबरा द्वारा आयोजित 15 दिवसीय बाल संस्कार शिविर का भव्य समापन वनखण्डेश्वर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में हुआ। समापन समारोह में बच्चों ने योग, खेल, आर्ट एंड क्राफ्ट सहित विभिन्न गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
भारत विकास परिषद, शाखा डबरा द्वारा 11 जून से संचालित बाल संस्कार शिविर के समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष एकल अभियान अजीत छाजर, संभाग अभियान प्रमुख धर्मवीर सिंह, वनखण्डेश्वर विद्यालय के संचालक रामस्वरूप सैनिक एवं परिषद के प्रांतीय संरक्षक डॉ. हेमंत मोदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया।
15 दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों को योग, खेल, आर्ट एंड क्राफ्ट, अनुशासन, नैतिक शिक्षा और भारतीय संस्कारों से जुड़ी अनेक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में बच्चों ने इन सभी गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर के सफल संचालन के लिए श्रीमती अंजलि सैनिक को विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के बाद भारत विकास परिषद की साधारण सभा आयोजित हुई, जिसमें आगामी सेवा, संस्कार एवं सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
समारोह में शाखा अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, सचिव संदीप सैनिक, कोषाध्यक्ष राहुल राजपूत, कार्यक्रम संयोजक दीपक रावत, डॉ. प्रदीप शर्मा सहित परिषद के पदाधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
