
डबरा में 76 हजार की गोभी चोरी: आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, बिना कार्रवाई के छोड़ा।
दिनांक 17.5.2026
डबरा/डबरा के रामगढ़ निवासी सब्जी कारोबारी धर्मवीर खटीक के साथ 76 हजार रुपए की गोभी चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि इंदौर से मंगवाई गई गोभी को बोलेरो चालक आकाश परिहार ने रास्ते में ही ग्वालियर की मुरार मंडी में बेच दिया और पैसे लेकर फरार हो गया।
पीड़ित ने खुद मेहनत कर 11 अप्रैल को आरोपी ड्राइवर को पकड़ा और डबरा सिटी थाने के सब इंस्पेक्टर राजकुमार बौद्ध के सुपुर्द किया। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर पीड़ित को घर भेज दिया, लेकिन बाद में बिना केस दर्ज किए आरोपी को छोड़ दिया।
पुलिस की इस सुस्ती के बाद पीड़ित ने हार नहीं मानी। 17 मई को पीड़ित ने आरोपी ड्राइवर के एक सहयोगी को दबोच लिया और उसे लेकर दोबारा थाने पहुंचे। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।मामला सुर्खियों में आने के बाद डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि प्रकरण अब उनके संज्ञान में आया है। यदि पूर्व में आरोपी को बिना कार्रवाई के छोड़ा गया है, तो संबंधित अधिकारी पर नियम के मुताबिक सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस अब नए सिरे से जांच कर रही है।
