राजस्व प्रकरणों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: कलेक्टर अर्पित वर्मा
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और नियमित मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश
शिवपुरी, 16 अप्रैल 2026। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि राजस्व प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही भू-राजस्व वसूली, स्वामित्व योजना, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण, न्यायालयों में लंबित याचिकाएं तथा भू-अर्जन से जुड़े मामलों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने विशेष रूप से 3 एवं 6 माह से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए और लंबित मामलों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित जांच करने और प्रत्येक माह भू-राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस संबंध में प्रत्येक पटवारी से नियमित रिपोर्ट लेने के लिए कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सह संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303


