कलेक्टर अर्पित वर्मा का कोलारस-बदरवास में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए सख्त निर्देश
शिवपुरी, 14 अप्रैल 2026।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मंगलवार को कोलारस एवं बदरवास क्षेत्र के विभिन्न शासकीय कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार एवं कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत एसडीएम कार्यालय कोलारस से करते हुए कलेक्टर वर्मा ने तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा डायवर्सन वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोलारस पहुंचकर जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर फीडबैक प्राप्त किया। प्रसूति वार्ड में पहुंचकर उन्होंने प्रसूताओं से आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर वर्मा ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती बच्चों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध दवाओं एवं टीकाकरण, विशेष रूप से एंटी रैबीज और एचपीवी वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बदरवास तहसील कार्यालय का भी दौरा किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मीटिंग हॉल में आवश्यक नाम पट्टिका लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम कोलारस अनूप श्रीवास्तव, तहसीलदार कोलारस, बीएमओ संजय राठौर सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उपसंपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता 8535495303


