करेरा में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर सख्त निर्देश — 14 से 15 वर्ष की सभी बालिकाओं को लगें टीके: एसडीएम निंगवाल
करेरा, शिवपुरी।
करेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एसडीएम अनुराग निंगवाल की अध्यक्षता में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम निंगवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नारायण सिंह कुशवाह ने बताया कि एचपीवी (Human Papillomavirus) एक सामान्य वायरस है, जो महिलाओं में गर्भाशय के सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु में लगाया जाने वाला एचपीवी टीका बालिकाओं को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाने में अत्यंत प्रभावी है।
एसडीएम निंगवाल ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित विभाग घर-घर जाकर लोगों को एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यालयों के प्राचार्यों से भी अपील की कि वे छात्राओं और अभिभावकों को इस टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
बैठक में डब्ल्यूएचओ के डॉ. दीपेंद्र दुबे, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नारायण सिंह कुशवाह, बीपीएम निशा आंचले, जनपद पंचायत करेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत सूत्रकार, विकासखंड स्रोत समन्वयक विनोद तिवारी, बीईओ मुकेश शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, प्राचार्य धर्मेंद्र जैन सहित शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य तथा ब्लॉक टास्क फोर्स के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
— उपसंपादक: राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता
मो.: 8435495303


