साइबर अपराध के खिलाफ करैरा पुलिस की सख्त कार्रवाई, 30 से अधिक लोगों पर केस—टीम की हो रही सराहना
करैरा। शिवपुरी जिले में साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ करैरा पुलिस लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में करैरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में करैरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा थाना प्रभारी विनोद छवाई एवं उनकी टीम द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल ठगी और अन्य साइबर अपराधों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में करैरा थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से 30 से अधिक संदिग्ध लोगों की पहचान की गई। इसके बाद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करैरा पुलिस की इस सक्रियता से साइबर ठगी करने वालों पर लगाम लगेगी और लोगों को राहत मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
क्षेत्र के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़, थाना प्रभारी विनोद छवाई और उनकी पूरी टीम को इस सराहनीय कार्रवाई के लिए बधाई दी है। लोगों का कहना है कि इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रही तो क्षेत्र में साइबर अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।
पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनो 8435495303

