खजुराहो से सवाई माधोपुर तक नई रेल लाइन की मांगसांसद भारत सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बताया प्रमुख आधारशिवपुरी, 13 फरवरी 2026।सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर खजुराहो से सवाई माधोपुर तक रेल यातायात बहाल एवं विस्तारित किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को एक विस्तृत पत्र भी सौंपा।सांसद ने बताया कि वर्तमान में खजुराहो से झांसी तक रेल सुविधा उपलब्ध है, लेकिन यदि इस लाइन को करैरा, शिवपुरी, पोहरी, श्योपुर होते हुए सवाई माधोपुर तक विस्तारित किया जाए तो इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के बीच पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक वर्तमान में पन्ना टाइगर रिजर्व, खजुराहो के विश्वप्रसिद्ध मंदिरों तथा ओरछा स्थित राम राजा मंदिर के दर्शन के बाद वापस लौट जाते हैं। यदि रेल लाइन का विस्तार श्योपुर तक हो जाता है तो पर्यटक कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता सफारी का आनंद लेते हुए सवाई माधोपुर तक भी पहुंच सकेंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।सांसद भारत सिंह ने यह भी अवगत कराया कि झांसी से श्योपुर रेल लाइन के लिए सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने आग्रह किया कि शीघ्र ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि झांसी-श्योपुर रेल लाइन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।उन्होंने विश्वास जताया कि इस रेल परियोजना के साकार होने से बुंदेलखंड और चंबल अंचल के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उप संपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303

