
सेवा संकल्प अभियान के तहत गौवंश संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित
90 गौवंश का एलएसडी टीकाकरण, गौशालाओं में पौधरोपण एवं इको-फ्रेंडली धूप-दीप निर्माण का शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले में गौवंश संरक्षण, पशु स्वास्थ्य, पर्यावरण संवर्धन एवं गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के करेली एवं साईंखेड़ा विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान गौवंश का एलएसडी टीकाकरण, पौधरोपण, गो-पूजन तथा गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इको-फ्रेंडली धूप-दीप निर्माण जैसी गतिविधियां की गईं।
सुरभि गो-अभयारण्य में पौधरोपण, गो-पूजन एवं धूप-दीप निर्माण का शुभारंभ
करेली विकासखंड के ग्राम गोबरगांव के श्री सुरभि गो-अभयारण्य में अभियान के तहत पौधरोपण, गो-पूजन एवं विकासखंड स्तरीय लंपी स्किन डिजीज टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। साथ ही गौशाला को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में इको-फ्रेंडली धूप-दीप निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. सुनील कुमार बृजपुरिया ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर इसके उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए वर्मी कम्पोस्ट एवं गो-कास्ट निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही कृत्रिम गर्भाधान एवं स्वदेशी नस्लों के संवर्धन पर कार्य करने को कहा, जिससे गौशाला में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ आय के स्थायी स्रोत विकसित किए जा सकें। गौशाला में शुरू किए गए इको-फ्रेंडली धूप-दीप निर्माण के माध्यम से गोबर जैसे उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार करने तथा गौशाला के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत विकसित करने की पहल की गई।
साईंखेड़ा में 90 गौवंश का एलएसडी टीकाकरण, गौशाला में फलदार पौधों का रोपण
इसी क्रम में उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग नरसिंहपुर डॉ. एस.के. बृजपुरिया के निर्देशानुसार विकासखंड साईंखेड़ा में भी पशु चिकित्सा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पशु चिकित्सा सहायक साईंखेड़ा डॉ. एन.के. कुशराम एवं मोबाइल वेटरनरी यूनिट साईंखेड़ा के पैरावेट श्री शुभम मेश्राम की टीम द्वारा मां नर्मदा गौ सेवा समिति, निमावर में 90 गौवंश का लंपी स्किन डिजीज से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। इस दौरान पशुपालकों एवं गौशाला से जुड़े लोगों को गौवंश के स्वास्थ्य संरक्षण, संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत सिरसिरी संदूक स्थित मुख्यमंत्री गौशाला परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से गौशाला परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
गौवंश संरक्षण और स्वावलंबन का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से गौवंश के स्वास्थ्य संरक्षण, संक्रामक रोगों की रोकथाम, पर्यावरण संवर्धन तथा गौशालाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का संदेश दिया गया। विभाग द्वारा पशुपालकों एवं गौशाला संचालकों से गौवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, समय पर टीकाकरण कराने तथा पशुओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
कार्यक्रमों में सिविल सर्जन डॉ. मनोहर तिवारी, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. प्रवीण पटेल, डॉ. शैलेंद्र ठाकुर, डॉ. श्रेया दुबे, डॉ. सौरव नागवंशी, श्री सुरभि गो सेवा चैरिटेबल सोसाइटी के चेयरमैन श्री अनुज तिवारी, श्री योगेश यादव, श्री पीयूष साहू, श्री आदित्य रजक, श्री शानू राजपूत, श्री प्रद्युम्न राजपूत सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी मौजूद थे।



