हरदा जांच के लिए भेजे जाएंगे, रिपोर्ट के आधार प किर होगी कार्यवाही ।

वसीम खान जिला ब्यूरो चीफ हरदा ।
मो. 6263008696
मिलावटी मिठाइयों पर खाद्य विभाग की कार्यवाही ।
आठ प्रतिष्ठानों से नमूने लिए ।
हरदा जांच के लिए भेजे जाएंगे, रिपोर्ट के आधार प किर होगी कार्यवाही ।
हरदा ।आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच और नमूना लेने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरदा और करताना क्षेत्र के विभिन्न मिठाई एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हरदा के प्रतिष्ठानों से लिए मिठाइयों के नमूने ।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरदा स्थित पुरोहित स्वीट से बेसन लड्डू, मिल्क केक और मलाई बर्फी के नमूने लिए। इसी तरह राजस्थान मिष्ठान, इंदौर रोड हरदा से मावा पेड़ा, मलाई बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लिया। खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए गए हैं।
करताना में भी मिठाई और पनीर की जांच ।
करताना में जय भोले रामदेव से मिल्क केक का नमूना लिया गया। वहीं मां नर्मदा डेयरी करताना से पनीर का नमूना लिया गया। इसके अलावा जय गजानन स्वीट, करताना से मिल्क केक और पेड़ा के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अवमानक या नियमों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुके हैं अवमानक नमूने ।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पूर्व में भी जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच कराई गई थी। इसी क्रम में वासुदेव डेयरी, बेड़ियाकला से मावा का नमूना लिया गया था, जो जांच में अवमानक पाया गया। विभाग द्वारा इस मामले का प्रकरण 25 जून 2026 को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। इसी तरह श्री कृष्णा दूध डेयरी, खिरकिया से पूर्व में लिए गए दूध के नमूने की जांच में भी नमूना अवमानक पाया गया था। विभाग के अनुसार इस मामले का प्रकरण भी सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
त्योहारों से पहले बढ़ाई गई निगरानी ।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा मिठाई, दूध, मावा, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले उपस्थित रहे। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रयोगशाला जांच में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
