

भारत विकास परिषद का गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम संपन्न
डबरा। भारत विकास परिषद शाखा डबरा द्वारा रास जेबी स्कूल में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों में शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं जीवन में सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अपने गुरुओं का सदैव सम्मान करना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के कोषाध्यक्ष राहुल राजपूत, कार्यक्रम संयोजक नाथूराम माहौर एवं सविता शिवहरे के साथ जगदीश साहू, रंजीत सिंह राणा, गजेंद्र भदोरिया, ह्रदेश भार्गव एवं सुषमा गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा बनाए रखने तथा शिक्षा के साथ संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
