“पूजा-अर्चना के साथ नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संभाली कमान, निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश”
उप सपादक राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मोनं 8435495303
शिवपुरी, 13 अप्रैल 2026
जिले के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पदभार ग्रहण करने से पूर्व शिवपुरी के प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर एवं राजेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
पदभार संभालते ही कलेक्टर वर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग, एनआईसी, जिला योजना कार्यालय, जनजातीय कार्य विभाग, पंजीयक कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा एवं रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से उनके दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर अर्पित वर्मा की कार्यशैली जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। वे अपने सहज, सरल और सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उनकी तीव्र निर्णय क्षमता, उत्कृष्ट स्मरणशक्ति और तेज कार्य निष्पादन शैली उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान दिलाती है।
शिवपुरी जिले को लंबे समय बाद ऐसा नेतृत्व मिला है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीदें और अधिक मजबूत हुई है।



